ज्योतिरादित्य सिंधिया का दावा: 2019 में केंद्र में बनेगी कांग्रेस की सरकार, राहुल होंगे पीएम

नई दिल्ली। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और सांसद  ज्योतिरादित्य सिंधिया ने रविवार को दावा किया कि 2019 के आम चुनाव में कांग्रेस अच्छा प्रदर्शन करेगी और केंद्र में अगली सरकार कांग्रेस बनाएगी। इसके साथ ही उन्होंने पार्टी उपाध्यक्ष राहुल गांधी को अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी देने की भी वकालत की।

एक समाचार चैनल के कार्यक्रम में बोलते हुए सिंधिया ने कहा, राहुल को पार्टी अध्यक्ष बनना चाहिए। कांग्रेस उनके नेतृत्व में मजबूत होगी। उन्होंने कहा, कांग्रेस वर्ष 2019 चुनावों में सरकार बनाने में सफल होगी। केंद्र में तीन साल पूरे होने के मौके पर मोदी सरकार के प्रस्तावित जश्न से पहले उन्होंने भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार को आड़े हाथ लिया। सिंधियां ने आरोप लगाया कि एनडीए सरकार के दौरान देश में असहिष्णुता बढ़ी है और दलित विरोधी महौल बनाने का प्रयास हुआ है।

कांग्रेस मुक्त भारत के भाजपा के प्रचार पर कटाक्ष करते हुए सिंधिया ने कहा कि सरकार देश में असहिष्णुता पैदा कर रही है और देश को दलितों एवं आदिवासियों से मुक्त करना चाहती है। उन्होंने कहा,अगर देश को अविभाजित एवं शांतिपूर्ण रखना है, तो यह सांप्रदायिक सौहार्द की मजबूत बुनियाद पर आधारित होना चाहिए। विकास और प्रगति मजबूत बुनियाद पर ही हो सकती है। पाकिस्तान पर कांग्रेसी नेता ने कहा कि सरकार साड़ी और शाल कूटनीति में शामिल है।

उन्होंने सरकार पर स्थिति नियंत्रित करने में नाकाम रहने का आरोप लगाते हुए कहा, कई जवान सीमा पर मारे जा रहे हैं। सीमा पर संघर्ष विराम का उल्लंघन हो रहा है। कश्मीर आज जल रहा है।

सीमा के सवाल पर भी सिंधिया ने मोदी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान को लेकर मोदी सरकार साड़ी और शॉल की डिप्लोमेसी कर रही है। वहीं उन्होंने कहा कि चीन भारत को चारों तरफ से घेर रहा है लेकिन मोदी सरकार बेबस है।

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष बनाए जाने संबंधी खबरों पर उन्होंने कहा कि भाग्य में क्या लिखा है। पार्टी की क्या रणनीति है, ये कुछ ऐसी बातें हैं, जिनके बारे में मुझे जानकारी नहीं है। मैं कांग्रेस का कार्यकर्ता हूं। मुझे जो भी जिम्मेदारी दी जाएगी मैं उसका निर्वहन करूंगा।

गौरतलब है कि सिंधिया की ये टिप्पणियां ऐसे समय आई हैं, जब राहुल को पार्टी की कमान देने को लेकर बहस चल रही है। कुछ नेता राहुल को अध्यक्ष की जिम्मेदारी देने की मांग कर रहे हैं। वहीं कई नेताओं का मानना है कि सोनिया गांधी को ही आगे भी नेतृत्व जारी रखना चाहिए।

अपनी राय कमेंट बॉक्स में दें

TeamDigital